थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा ने परतावल में किसानों को पराली न जलाने के लिए किया गया जागरूक

उत्तर प्रदेश महराजगंज


पुलिस अधीक्षक के आदेश का किया अनुपालन

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा पराली दहन रोकने के लिए जारी निर्देशों के क्रम में श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष की अगुवाई में मंगलवार को कस्बा परतावल में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान, इसके कानूनी परिणाम तथा वैकल्पिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

थानाध्यक्ष ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि पराली जलाना न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है। साथ ही यह एक दंडनीय अपराध है, जिसके लिए जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने किसानों को पराली को खेत में मिलाने, पशुओं के चारे के रूप में उपयोग करने तथा नजदीकी गौशालाओं को दान करने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने खेतों तथा गांव-गली में भ्रमण कर किसानों को मौके पर समझाया और अनुरोध किया कि कोई भी किसान पराली न जलाए। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि चेतावनी के बावजूद पराली जलाने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम द्वारा जागरूकता अभियान के साथ-साथ कई किसानों को पंपलेट भी वितरित किए गए जिसमें पराली प्रबंधन से जुड़े सुझाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी शामिल थी। स्थानीय किसानों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और पराली न जलाने का आश्वासन दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *