महराजगंज- महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से थाना सोहगीबरवा की मिशन शक्ति टीम द्वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटवासी मंदिर टोला में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति हेल्पलाइन 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़छाड़, उत्पीड़न सहित अन्य अपराधों से बचाव के उपाय समझाए और किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मरक्षा के उपाय अपनाने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जनसमूह से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान हेतु संबंधित विभागों से समन्वय का आश्वासन दिया गया।
मिशन शक्ति टीम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। जनपद पुलिस द्वारा ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके और समाज में सम्मान व विश्वास का माहौल सुदृढ़ हो।