संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

कुल 102 जनशिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण

महराजगंज :-तहसील निचलौल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 102 जनशिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण के उपरांत ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए तथा अधिकारी स्वयं इसकी निगरानी करें। इसके साथ ही अधिकारियों को स्पॉट मेमो तैयार करने और नियमित फील्ड विजिट करने के निर्देश भी दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान चकबंदी कार्यालय में अनुपस्थिति की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी निचलौल को आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही एसओसी को कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थिति किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा जरूरतमंदों को कंबल का वितरण भी किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों द्वारा हेल्प डेस्क लगाए गए, जिनमें आयुष्मान भारत, आयुष स्वास्थ्य, कृषि विभाग द्वारा किसान सम्मान निधि, खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा किसान पंजीकरण आदि शामिल रहे। हेल्प डेस्क के माध्यम से बड़ी संख्या में फरियादियों को योजनाओं का लाभ दिया गया तथा नए लाभार्थियों का पंजीकरण कराया गया।

संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में पीएम सूर्यघर योजना जागरूकता कैंप का भी आयोजन किया गया। कैंप में 100 से अधिक लोगों ने योजना में रुचि दिखाते हुए अपना विवरण दर्ज कराया। जिलाधिकारी ने पीओ नेडा को निर्देशित किया कि सभी इच्छुक व्यक्तियों से संपर्क कर अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित कराए जाएं।

संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, उपजिलाधिकारी निचलौल श्री सिद्धार्थ गुप्ता, डीडीओ श्री बी.एन. कन्नौजिया, सीओ निचलौल श्री एस.पी. सिंह, एआर कोऑपरेटिव श्री सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री कन्हैया यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री पी.के. शर्मा, डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा, बीएसए सुश्री ऋद्धि पांडेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *