महराजगंज पुलिस द्वारा जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 17 जनवरी 2026 को थाना बरगदवा की मिशन शक्ति टीम द्वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनों तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में मिशन शक्ति हेल्पलाइन 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
मिशन शक्ति टीम द्वारा घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़छाड़, उत्पीड़न सहित अन्य अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मरक्षा के उपाय अपनाने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय का आश्वासन दिया गया।
मिशन शक्ति टीम में शामिल उप निरीक्षक अजीत कुमार भारती, हेड कांस्टेबल राजन दुबे एवं महिला आरक्षी रिंकी गोंड ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस द्वारा ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके और समाज में सम्मान व विश्वास का माहौल सुदृढ़ हो।