महराजगंज। कड़ाके की ठंड के बीच परतावल क्षेत्र अंतर्गत गोधवल चौराहे पर मानवता और सेवा भाव की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली। समाजसेवी रामस्वरुप गुप्ता द्वारा ठंड से ठिठुर रहे जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए तथा उन्हें जलपान भी कराया गया।
जैसे ही गोधवल चौराहे पर कंबल वितरण किया गया, जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। ठंड के मौसम में जब असहाय लोगों के पास गर्म कपड़ों की कमी होती है, ऐसे समय में मिली यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई। कंबल ओढ़कर बैठे लोगों ने राहत और सुकून महसूस किया तथा दान देने वालों के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने रामस्वरुप गुप्ता के इस पुनीत कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की। आगंतुकों ने कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
कंबल वितरण के दौरान रामस्वरुप गुप्ता ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए। इस तरह के प्रयासों से न केवल असहायों को सहारा मिलता है, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता भी मजबूत होती है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सहयोग और सेवा का कोई मौसम नहीं होता, यह हर समय आवश्यक है। ऐसी पहलें समाज को एकजुट करती हैं और मानवता को जीवित रखती हैं।
इस अवसर पर ममता गुप्ता, अनिल गुप्ता, सलोनी गुप्ता, मनीष कुमार, अमन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।