18 जनवरी को सभी बूथों पर पढ़ी जाएगी निर्वाचक नामावली, विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत डीएम ने दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 16 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के समस्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दिनांक 18.01.2026 (रविवार) को अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर संबंधित आलेख्य निर्वाचक नामावली का सार्वजनिक रूप से पाठन करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 18 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 10.30 बजे से अपराह्न 04.30 बजे तक सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा निर्वाचक नामावली पढ़कर सुनाई जाएगी। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया है कि जनपद की सभी विधानसभाओं के सभी पोलिंग स्टेशनों पर बूथ लेवल अधिकारियों की उपस्थिति निर्धारित समय से पूर्व प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया है कि बीएलओ अपने साथ दिनांक 06.01.2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली, गणना अवधि के दौरान अप्राप्य (Uncollectable) श्रेणी में चिह्नित निर्वाचकों की सूची, अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक एवं डुप्लीकेट निर्वाचकों की सूची अवश्य उपलब्ध रखें। इसके साथ ही दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), फार्म-6ए, फार्म-7 एवं फार्म-8 (घोषणा-पत्र सहित) की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्वाचक नामावली के आलेख्य पाठन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं 05 बूथों का तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी 10 बूथों का पर्यवेक्षण करेंगे। वहीं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के कुल पोलिंग स्टेशनों के 10 प्रतिशत का भ्रमण किया जाएगा।

जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने यह भी निर्देशित किया है कि गणना अवधि में प्राप्त सभी दावे एवं आपत्तियों की सूची संबंधित राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *