कुशीनगर की मेधा को मिला मंच; निःशुल्क सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सन्नी भारती ने मारी बाजी

कुशीनगर

कुशीनगर
शिव शंभू सिंह

खड्डा कुशीनगर ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के ग्राम जिन्दा छपरा स्थित राज ट्रेडर्स के तत्वावधान में एक भव्य निःशुल्क सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश पुलिस की पूर्व सदस्या स्व० प्रेमशीला कुशवाहा जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित की गई।

इस प्रतियोगिता में कुशीनगर के 30 प्रमुख विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच परिणामों की घोषणा इस प्रकार रही- *प्रथम स्थान सन्नी भारती शहीद भगत सिंह सेंट्रल एकेडमी, जिंदा छपरा को रेंजर साइकिल,द्वितीय स्थान आदर्श वर्मा श्रीमती इंद्रावती देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, फटकदौना हीरा छपरा को कुर्सी-मेज तथा तृतीय स्थान नसीमुल्लाह उज्जवल एकेडमी, करदह बाजार को स्कूल बैग, टिफिन बॉक्स देकर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य शीर्ष 10 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और स्थानीय निवासी श्री रामानंद कुशवाहा ने कहा, “शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास की कुंजी है। इस निःशुल्क आयोजन का मूल उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रतिस्पर्धा के समान अवसर उपलब्ध कराना और उनमें आत्मविश्वास जगाना है।” उन्होंने स्व० प्रेमशीला कुशवाहा उ०प्र०पु० के जीवन मूल्यों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर स्व० प्रेमशीला कुशवाहा के पति श्री विजय प्रताप कुशवाहा (उ.प्र. पुलिस), आयोजक रामानंद कुशवाहा, गुड्डू कुशवाहा, ऋषिपाल भारती, शिवकुमार गौतम, गुड्डू अली, रामधारी, सुभाष, शैलेश, भरथ कुशवाहा, संतोष, दयासागर सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक और शिक्षक उपस्थित रहे। क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक अनुकरणीय कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *