बलिदानियों की स्मृति में किया गया पौधरोपण
महराजगंज: अक्षयवर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, नटवा जंगल परिसर में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों की स्मृति में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बलिदानियों के नाम पर एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लिया गया और छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंधक कृष्ण मोहन सिंह उर्फ बबलू ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उनके नाम पर पौधा लगाकर न केवल पर्यावरण संरक्षण किया जा सकता है, बल्कि उनके बलिदान को भी सदैव स्मरण रखा जा सकता है।
वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि “एक पौधा, एक जीवन” के संकल्प के साथ सभी लोगों को पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरे कृष्ण सिंह ने कहा कि पौधों के बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना असंभव है। वहीं निदेशक अम्बरीष मल्ल ने भी पर्यावरण संरक्षण को मानव जीवन के लिए अनिवार्य बताया और पौधरोपण को नियमित रूप से अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और सभी उपस्थित लोगों ने उनके संरक्षण का संकल्प लिया।