महराजगंज।
परतावल चौक पर जाम को देखते हुऐ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से श्यामदेउरवा पुलिस ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानदारों, ठेला चालकों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने माइक से लगातार घोषणा कर स्पष्ट चेतावनी दी कि मेन चौराहे से 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित सीमा में यदि अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से भी अपील करते हुए कहा कि अपने दोपहिया व चारपहिया वाहन केवल निर्धारित सफेद पट्टी के अंदर ही खड़े करें, ताकि सड़क पर अनावश्यक अवरोध न हो और यातायात व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है।
पुलिस की इस कार्यवाही के दौरान चौराहे पर फैले अतिक्रमण को हटवाया गया और लोगों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। कई दुकानदारों और ठेला चालकों ने स्वेच्छा से सड़क पर रखा सामान हटा लिया।
अभियान के समय चौकी प्रभारी अमित सिंह सहित परतावल चौकी और श्यामदेउरवा थाना का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।