मंगलपुर चौराहे पर मारपीट, हत्या के प्रयास व एससी/एसटी एक्ट में तीन गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। जनपद के श्यामदेवरवा थाना क्षेत्र में 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे मंगलपुर चौराहे पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीन युवकों ने मिलकर एक युवक और उसके दोस्त पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सुमेरगढ़ निवासी इंद्रावती पत्नी स्व. टिकोरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा मंजीत अपने दोस्त वारिस अंसारी के साथ मंगलपुर चौराहे पर गया था। इसी दौरान कबाड़ी की दुकान के पास पवन गुप्ता, धनंजय सिंह और आशीष सिंह ने कथित रूप से मंजीत को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने मंजीत और उसके दोस्त वारिस अंसारी पुत्र अब्दुल कादिर, निवासी डोहिरिया बाजार, थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर को बुरी तरह पीट दिया।

हमले में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही श्यामदेवरवा पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही देर बाद तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को थाना क्षेत्र के चिलम चौक से पकड़ा गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक सीजशुदा बैलेनो कार बरामद की गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की विधिक कार्रवाई जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *