लगातार दूसरे दिन कंबल वितरण, काशीनाथ सिंह की सेवा से मधवापुर की जनता भावुक

उत्तर प्रदेश महराजगंज

परतावल (महराजगंज):- परतावल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा मधवापुर में लगातार दूसरे दिन कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन कर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं हिंदू हृदय सम्राट काशीनाथ सिंह ने जनसेवा की एक और मिसाल पेश की। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों ने कंबल पाकर गहरी प्रसन्नता और संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और असहाय परिवारों के चेहरों पर राहत की मुस्कान साफ झलकती दिखी।

नगर पंचायत परतावल की पावन धरती पर जन्मे काशीनाथ सिंह ने अपने जीवन को केवल व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं तक सीमित न रखते हुए जनसेवा को ही अपना ध्येय बनाया है। लोगों के दुख में सहभागी बनना, जरूरत के समय मदद का हाथ बढ़ाना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक राहत पहुंचाना—यही उनकी कार्यशैली और पहचान बन चुकी है।

कंबल वितरण के दौरान काशीनाथ सिंह ने कहा कि समाज के कमजोर, असहाय और वंचित वर्गों को न्याय दिलाना, उनकी मदद करना और हर संभव सहयोग प्रदान करना ही उनके जीवन का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सशक्त नहीं होगा, तब तक विकास की परिकल्पना अधूरी रहेगी।

ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि काशीनाथ सिंह केवल भाषणों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कर्मों से जनसेवा करते हैं। ठंड के इस कठिन मौसम में लगातार दूसरे दिन कंबल वितरण कर उन्होंने जरूरतमंदों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को एक बार फिर सिद्ध किया है।

कार्यक्रम में रमाशंकर सिंह, ग्राम प्रधान सोहन चौधरी, ओसीयर यादव, रामकृपाल पाण्डेय, रमेश मोदनवाल सहित अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी एवं युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। जनसेवा की इस पहल ने न केवल मधवापुर बल्कि पूरे परतावल क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया है कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो समाज के हर वर्ग के साथ खड़ा दिखाई दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *