इलाज के दौरान 10 माह की मासूम अनन्या की मौत, परिजनों में मचा कोहराम,पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

उत्तर प्रदेश महराजगंज

हिन्द सन्देश टाइम्स

परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल से एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां महज 10 माह की मासूम बच्ची अनन्या की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत प्रदीप कुमार पुत्र महेंद्र प्रताप, ग्राम परसीनहर, पोस्ट मखनेल, थाना मधुबन (जनपद मऊ) के निवासी हैं, जो वर्तमान में नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 6 आजाद नगर में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। मृतक मासूम अनन्या उनकी पुत्री थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। घबराए परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में करीब 11 बजे के बाद उपचार शुरू किया गया, लेकिन इस दौरान बच्ची की हालत लगातार गंभीर होती चली गई और इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह व चौकी प्रभारी अमित सिंह मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। जिसके बाद आगे की कार्यवाही की जायेगा।

इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *