हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज– नेपाल के प्यूछान जिले में 23 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे हुए सड़क हादसे में जनपद महराजगंज के 19 तीर्थयात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीर्थयात्रियों को ले जा रहा जिप्सी वाहन करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे सभी यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थानीय प्रशासन के समन्वय से सभी घायलों को सोनौली बॉर्डर पर लाया गया, जहां एसडीएम फरेंदा द्वारा उन्हें रिसीव किया गया। इसके बाद आज तड़के करीब 4:30 बजे थाना प्रभारी भिटौली के नेतृत्व में 9 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी स्वयं बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों से मिले और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने परिजनों को भी भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव मदद के लिए तत्पर है।
डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।