महराजगंज, 29 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा विकास खण्ड मिठौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत धरमौली में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया। कार्य स्थल पर कुल 09 श्रमिक कार्यरत पाए गए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के मुख्य कक्ष, रसोईघर सहित अन्य संरचनाओं का निरीक्षण करते हुए सृजित मानव दिवस एवं निर्माण लागत की जानकारी प्राप्त की। तकनीकी सहायक द्वारा अवगत कराया गया कि अब तक कुल 394 मानव दिवस सृजित किए गए हैं। निर्माण कार्य की कुल लागत लगभग 12 लाख रुपये है, जिसमें से लगभग 08 लाख रुपये मनरेगा मद से, 02 लाख रुपये राज्य वित्त आयोग से तथा 02 लाख रुपये बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
आंगनबाड़ी निर्माण स्थल पर सीआईबी (सूचना पट्ट) न पाए जाने पर जिलाधिकारी महोदय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सीआईबी लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सभा की अवशेष भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण कराए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने चकनाली खुदाई कार्य का निरीक्षण किया। तकनीकी सहायक द्वारा बताया गया कि उक्त कार्य की लागत लगभग 42 हजार रुपये है। जिलाधिकारी महोदय ने उपायुक्त मनरेगा को कार्य के इस्टीमेट की जांच कराने के निर्देश दिए। चकनाली निर्माण स्थल पर भी सीआईबी न पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मनरेगा कार्य स्थलों पर अनिवार्य रूप से सीआईबी लगाया जाए। साथ ही मजदूरों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप ही रखने के निर्देश दिए, जिससे संसाधनों का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत में स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सरोवर परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शौचालय की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी महोदय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित स्वयं सहायता समूह की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दोनों कार्य स्थलों की जानकारी अपने निरीक्षण एरिया इंस्पेक्शन ऐप पर अपलोड की।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रम एवं रोजगार श्री गौरवेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।