महराजगंज में SHG महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) एवं लीड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को महराजगंज में स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 24 स्वयं सहायता समूहों की 100 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती कुंती देवी ने की, जबकि संचालन लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) भूपेंद्र मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत, ऋण प्रबंधन, डिजिटल लेनदेन, बीमा योजनाओं तथा विभिन्न सरकारी वित्तीय योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को आरबीआई के सहायक महाप्रबंधक (AGM) श्री जितेंद्र मोरे एवं नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) श्री कृष्ण कुमार ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना परिवार और समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से वित्तीय अनुशासन अपनाने, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन करने तथा बैंकिंग सेवाओं का सही एवं प्रभावी उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी महिलाओं ने प्राप्त वित्तीय जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और अन्य महिलाओं को भी वित्तीय साक्षरता से जोड़ने का संकल्प लिया।
इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *