खड्डा, कुशीनगर। जनपद के खड्डा नगर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खड्डा–पडरौना मुख्य मार्ग स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास गन्ना लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर कई खड़े वाहनों से टकरा गई। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
हादसे में बोलेरो, मारुति कार, हीरो डीलक्स बाइक, बजाज प्लेटिना तथा टीवीएस सहित कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और मौके पर मौजूद राहगीर बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकानों के लगाए जाने से मार्ग संकरा हो गया है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहीं एक बाइक मरम्मत की दुकान सड़क तक फैली हुई है, जिससे आवागमन प्रभावित रहता है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि ट्रैक्टर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और संभवतः नशे की हालत में था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
इस हादसे में नगर पंचायत द्वारा लगाए गए स्ट्रीट लाइट पोल तथा सजावटी सामग्री भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क से अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।