निर्माण कार्यों में देरी पर सख्त हुए डॉ दयाशंकर मिश्रा, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 25 फरवरी 2026 को जनपद में प्रभारी मंत्री एवं डॉ दयाशंकर मिश्रा (राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार—आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन) ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर बिंदुवार चर्चा की गई।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

प्रभारी मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर प्रगति से अवगत कराया जाए। साथ ही शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर सख्ती

चेतरा नर्सरी, वनग्राम-24 तथा हथियाहवा–बलुअहिया संपर्क मार्ग के निर्माण में हो रही देरी पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वनग्रामों का विकास मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएचसी सोहगीबरवा के निर्माण के संदर्भ में स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित कर शीघ्र संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। वहीं राकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय, बिशुनपुर के निर्माण में विलंब पर संबंधित ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने को कहा गया।

योजनाओं की प्रगति सुधारने के निर्देश

समीक्षा के दौरान बी एवं सी ग्रेड की योजनाओं में प्रगति सुधारने पर विशेष बल दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे।

मल्टी पर्पज हॉल का निरीक्षण

बैठक के उपरांत मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन मल्टी पर्पज हॉल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए रिसर में स्वयं सहायता समूहों एवं जनपद के उत्पादों के लिए दुकानों की व्यवस्था करने का सुझाव दिया, जिससे स्थानीय समूहों को प्रोत्साहन मिल सके।

नवाचार और रोजगार पर फोकस

मंत्री ने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में नवाचार को बढ़ावा देने की सलाह दी। पर्यटन, कृषि और एमएसएमई जैसे क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में जनपद की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वस्त किया कि मंत्री के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *