सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

मौके पर ही कई मामलों का किया गया निस्तारण अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश


शिव शम्भू सिंह

खड्डा  कुशीनगर तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित, पारदर्शी तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत समाधान किया जाए। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, आपसी रंजिश, कानून-व्यवस्था तथा अन्य संवेदनशील मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग से संबंधित 23, पुलिस विभाग के 13, विकास विभाग के 6, पुलिस एवं राजस्व के संयुक्त 4 तथा अन्य विभागों के 17 प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 4 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रेषित करते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, वरासत, पैमाइश, सीमांकन एवं राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय दिलाना है, इसलिए सभी अधिकारी इसकी गंभीरता को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय की पत्रावलियों का अवलोकन कर लंबित मामलों की समीक्षा की और उपजिलाधिकारी को उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश बर्मा, उपजिलाधिकारी खड्डा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, समस्त थाना प्रभारी, जनपद स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *