हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मदनपुरा स्थित अस्थाई गौआश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोआश्रय स्थल में संचालित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष एवं भूसा कक्ष का निरीक्षण करते हुए वहां संरक्षित गोवंश की संख्या की जानकारी ली। खण्ड विकास अधिकारी मिठौरा राहुल सागर ने बताया कि वर्तमान में गौआश्रय स्थल में कुल 43 गोवंश संरक्षित हैं। साथ ही 106 कुंतल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर तथा 5 बोरी साईलेज उपलब्ध है। इसके अलावा 750 डिसमिल भूमि में हरा चारा बोया गया है, जिससे पशुओं के लिए नियमित चारे की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर में छाया के लिए फलदार वृक्ष लगाए जाने तथा वर्षा ऋतु में जलभराव और दलदल की समस्या से बचाव हेतु घास रोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौआश्रय स्थल में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जानकारी ली, जो सभी सुचारू रूप से कार्यरत पाए गए।
जिलाधिकारी ने बीमार गोवंश के बारे में जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि एक गोवंश बीमार है और उसका परीक्षण पशु चिकित्सक द्वारा किया जा चुका है। इस पर उन्होंने निर्देश दिया कि बीमार पशुओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए तथा मृत गोवंश के शव का गरिमापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही कमजोर गोवंशों को पक्षियों के हमलों से बचाने के लिए शेड के चारों ओर जाल लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गौआश्रय स्थल में 24 घंटे केयर टेकर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सोलर पैनल सहित अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से क्रियाशील पाई गईं। केयर टेकर मौके पर उपस्थित मिले और गोवंश की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।