पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महराजगंज

पनियरा/महराजगंज:- पनियरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बभनौली जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कुछ ग्रामीण जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर साखू के एक सूखे पेड़ पर फंदे के सहारे लटके एक युवक के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना पाकर पनियरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया तथा आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक युवक फुल पैंट और शर्ट पहने हुए था, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव करीब 8 से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *