महराजगंज/श्यामदेउरवा। गोरखपुर-महराजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार के चलते दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घटना श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर मार्ग के पास की बताई जा रही है, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के गुलरिया थाना क्षेत्र के मलंग स्थान निवासी लक्ष्मण कुमार (30 वर्ष) अपनी भाभी और एक मासूम बच्ची के साथ मोटरसाइकिल से परतावल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी बाइक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गईं।
दूसरी मोटरसाइकिल पर महराजगंज जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के विजयपुर बागापार निवासी बेचन (60 वर्ष) अपने एक साथी के साथ सवार थे। बताया जा रहा है कि वे भटहट से किसी कार्य से लौट रहे थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।