17 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े थे अक्षयबर सिंह, पुण्यतिथि पर किया गया नमन
विशाल भंडारे का हुआ आयोजन; वक्ताओं ने उनके संघर्ष को जनसेवा और राष्ट्रप्रेम को बताया प्रेरणास्रोत
गोरखपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक अक्षयबर सिंह की 37वीं पुण्यतिथि पर सिविल लाइंस स्थित अक्षयबर सिंह भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अक्षयबर सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किया गया। पुण्यतिथि के अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अक्षयबर सिंह के संघर्षपूर्ण जीवन, देश की आजादी के आंदोलन में उनके योगदान और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, बलिदान और समर्पण देश की अमूल्य धरोहर है। ऐसे महापुरुषों का स्मरण नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है।
चार बार विधायक रहकर की जनसेवा
अक्षयबर सिंह पीजी कॉलेज के प्रबंधक कृष्ण मोहन सिंह ‘बबलू’ ने अपने बाबा अक्षयबर सिंह को याद करते हुए बताया कि वह वर्ष 1947 से 1967 तक पिपराइच विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक रहे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनता के बीच रहकर क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम किया। उनका जीवन संघर्ष, जनसेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है।
महज 17 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता आंदोलन में लिया हिस्सा
पुण्यतिथि कार्यक्रम में संस्था के निदेशक अम्बरीष मल्ल ने अपने नाना अक्षयबर सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने महज 17 वर्ष की उम्र में ही स्वतंत्रता आंदोलन में कदम रख दिया था। कम उम्र में ही देश की आजादी के लिए संघर्ष का रास्ता चुनना उनके अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
कृष्ण मोहन सिंह ‘बबलू’ और समाजसेवी सुधीर चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि अक्षयबर सिंह का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों, संघर्षों और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश के लिए समर्पित ऐसे महापुरुषों का जीवन समाज को सदैव सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
गणमान्य लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, देवनारायण उर्फ जीएम सिंह, विधायक महेंद्र पाल सिंह, कृष्ण भान सिंह उर्फ किसान सिंह, अजय प्रताप सिंह ‘पिन्टू’, विधायक अनिल त्रिपाठी, शिव कुमार सिंह ‘विक्की’, अजित सिंह, विश्व मोहन सिंह, चन्द्र मोहन सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अक्षयबर सिंह को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और उनके जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि सभा ने एक बार फिर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अक्षयबर सिंह के संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और जनसेवा से जुड़े योगदान को स्मरण करते हुए समाज में उनके विचारों को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया।