पनियहवां–बाल्मीकि नगर रेलवे ट्रैक के बीच हुआ हादसा, वन विभाग ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
खड्डा, कुशीनगर (हिन्द सन्देश टाइम्स) शिव शम्भु सिंह
खड्डा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक मादा मगरमच्छ की मौत हो गई। यह हादसा पनियहवां रेलवे स्टेशन और बाल्मीकि नगर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार तड़के लगभग सवा चार बजे स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग खड्डा को सूचना दी कि एक मगरमच्छ ट्रेन से कट गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि रेलवे किलोमीटर संख्या 308/17 से 309/23 के बीच मगरमच्छ का शव पड़ा हुआ था। वन विभाग ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्राणी उद्यान, गोरखपुर भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि मादा मगरमच्छ दिशा भ्रमित होकर रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जुट गई। इस घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।