जाति पूछकर दुकानदार की पिटाई का आरोप, एसपी से की शिकायत

कुशीनगर

हिन्द सन्देश टाइम्स
कुशीनगर

तमकुहीराज (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र में एक दुकानदार ने चौकी पर तैनात दरोगा पर जाति पूछकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराते हुए संबंधित दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना 2 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी विकास यादव, जो फाजिलनगर कस्बे में शिव मंदिर के पास साइकिल की दुकान चलाते हैं, ने आरोप लगाया कि घटना के दिन हनुमान जन्मोत्सव का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में भारी भीड़ थी। इसी दौरान वह अपनी दुकान के बाहर खड़े होकर जुलूस देख रहे थे।
आरोप है कि उसी समय पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिलनगर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक विशाल कुमार दो युवकों को पकड़कर ले जा रहे थे। जब वे पीड़ित की दुकान के सामने पहुंचे तो उन्होंने उससे पूछा कि वह क्यों खड़ा है। दुकानदार द्वारा खुद की दुकान होने की बात बताने पर दरोगा ने उसकी जाति पूछी। पीड़ित के अनुसार, जैसे ही उसने खुद को यादव बताया, दरोगा ने बिना किसी अन्य कारण के उस पर लात-घूंसे और थप्पड़ों से हमला कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान उसके चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे उसकी नाक पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आरोप है कि जाते समय दरोगा ने अपशब्द कहे और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर चोट देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित विकास यादव ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *