ग्राम रोजगार सेवक संघ का प्रदर्शन तेज, वेतनमान व 8 माह के बकाया भुगतान की उठी मांग

उत्तर प्रदेश महराजगंज

हिन्द सन्देश टाइम्स

परतावल/महराजगंज :- ग्राम रोजगार सेवक संघ ने अपने लंबित वेतनमान और बकाया भुगतान को लेकर एक बार फिर जोरदार आवाज उठाई है। संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने एकजुट होकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए 8 माह से लंबित वेतन के तत्काल भुगतान और वेतनमान में वृद्धि की मांग की।

संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्राम रोजगार सेवक ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। लगातार 8 माह से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, जिससे उनके परिवारों का भरण-पोषण भी प्रभावित हो रहा है।

पदाधिकारियों ने कहा कि दिन-रात मेहनत कर योजनाओं को धरातल पर उतारने के बावजूद यदि कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिलता, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संघ आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन स्वीकार करते हुए काशीनाथ सिंह ने ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाएंगे और शीघ्र समाधान के लिए प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों की भूमिका ग्रामीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि सभी कर्मचारियों को उनका उचित हक मिल सके।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में अपनी मांगों को दोहराया। संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *