हिन्द सन्देश टाइम्स
भिटौली/महराजगंज:- भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर सिवान में शनिवार सुबह करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से खेत में अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और खेत में पड़े डंठल जलने लगे।
हालांकि आग कटी हुई फसल में लगी थी, लेकिन पास ही परसिया सिवान में खड़ी फसल होने के कारण खतरा और भी बढ़ गया था। आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं, जिससे आसपास के किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बीच अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास की खड़ी फसल को भारी नुकसान हो सकता था।
आग बुझाने में उपनिरीक्षक यदुवीर यादव, विवेकानंद सिंह, मनीष, सुग्रीव प्रसाद जायसवाल, वशिष्ठ जायसवाल, गोविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और अग्निशमन टीम की तत्परता की सराहना की है।