हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज, 11 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी व मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट इकाई, गोबर गैस प्लांट, हरे चारे की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। गोबर गैस प्लांट की मरम्मत लंबे समय से लंबित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एई जल निगम को तत्काल इसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में मौजूद जर्जर भवन को ध्वस्त कराने और खाली पड़े शेड की मरम्मत कर उसमें गोवंश रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोसदन को उसकी पूर्ण क्षमता के अनुरूप संचालित किया जाए और गोवंशों की समुचित देखभाल सुनिश्चित हो। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि गोसदन में कुल 739 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 559 नंदी और 180 गाय शामिल हैं। पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चोकर, पशु आहार और साइलेज उपलब्ध है।
गोसदन की भूमि पर बड़े पैमाने पर हरे चारे का उत्पादन किया जा रहा है, जिसमें 242 एकड़ में बाजरा, 2 एकड़ में नेपियर घास और 0.5 एकड़ में जई की खेती शामिल है। डीएम ने इसे सराहनीय बताते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक बीमार गोवंश मिलने पर उन्होंने तत्काल उपचार व्यवस्था की जानकारी ली और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने गोसदन को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए फलदार पौधों के रोपण के निर्देश दिए। वर्मी कंपोस्ट और गोकाष्ठ उत्पादन की जानकारी लेते हुए उन्होंने इनके बेहतर विपणन के लिए मार्केट लिंकेज उपलब्ध कराने और नगर निकायों व अंत्येष्टि स्थलों पर गोकाष्ठ के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गोसदन को मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिसके लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसे लागू करना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान डीएम, एसपी व सीडीओ ने गोवंश को गुड़, केला और चना खिलाकर उनका हाल जाना।
इस अवसर पर डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक आर.डी. चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज़ अहमद, बीडीओ निचलौल शमा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।