घुघली/महराजगंजः नगर पंचायत घुघली में महिला सभासद के निधन के बाद रिक्त पद के लिए तीन महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। जिसके बाद आगामी 11 अगस्त को होने वाले उप चुनाव के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या पांच को बूथ के रूप में तैयार किया गया है। शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी राजकुमार ने मतदान स्थल का निरीक्षण किया तथा सम्बंधित कुछ आवश्यक निर्देश भी दिया।
कुछ माह पूर्व वार्ड संख्या 11 रामदेव नगर की महिला सभासद तेतरा देवी का निधन हो गया था। तब से यह पद रिक्त चल रहा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर इस पद को भरने के लिए चुनाव कार्यक्रम तय किया गया है। वार्ड में कुल 929 मतदाता हैं, जिनमें 466 पुरुष और 463 महिलाएं शामिल हैं।
बबिता देवी पत्नी हरेंद्र, सुनीता देवी पत्नी सत्यप्रकाश और पिंकी पत्नी धर्मेंद्र इस उपचुनाव में तीन प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
शुक्रवार को घुघली खंड विकास अधिकारी राजकुमार ने मतदान केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य मार्कण्डेय सिंह से तैयारियों की जानकारी ली और मतदान दिवस पर निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के क्रीड़ाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव और लिपिक अजीत श्रीवास्तव मौजूद रहे। बीडीओ ने प्रशासनिक दृष्टि से सभी व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया और कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।