आनन्द पाण्डेय की रिपोर्ट
परतावल/महराजगंज।नगर पंचायत परतावल में मोहर्रम का पर्व शुक्रवार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूरे नगर क्षेत्र में निकाले गए ताजिया जुलूस के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही। सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच जुलूस शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा।
जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करता रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी। वहीं परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय भी अपने पूरे स्टाफ के साथ विभिन्न प्रमुख स्थलों पर तैनात रहे तथा यातायात एवं कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मोहर्रम के अवसर पर स्थानीय समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। समाजसेवी हासिम, मोनू राजा, अहमद अली, अशफाक खान, समद अली, शाहरुख अहमद और असलम सहित अन्य लोगों ने जुलूस में मौजूद रहकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के बेहतर समन्वय का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। समय-समय पर पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाता रहा, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहा।
नगरवासियों ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों के सहयोग से मोहर्रम का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक एकता, धार्मिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बनकर उभरा।