35 लाख की ज्वेलरी हड़पने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार,
कुशीनगर :- कुशीनगर पुलिस ने जालसाजी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए लगभग 35 लाख रुपये के सोने एवं चांदी के आभूषण हड़पने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ज्वेलरी की दुकान चलाने के साथ लोगों के गहने गिरवी रखकर कर्ज देने का काम भी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामला तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में तुर्कपट्टी पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मुकदमा संख्या 112/2026 का सफल अनावरण करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया जनपद के निवासी मोहन वर्मा और उसके पुत्र राज वर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी करीब सात-आठ वर्ष पहले देवरिया से आकर तुर्कपट्टी क्षेत्र में “कोमल ज्वेलर्स एंड बर्तन स्टोर” के नाम से दुकान चलाते थे। दुकान के माध्यम से सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त के साथ-साथ लोगों के गहने गिरवी रखकर कर्ज देने का भी काम करते थे। आरोप है कि 11 मई 2026 को दोनों आरोपी बिना किसी को सूचना दिए दुकान बंद कर ग्राहकों के गहने और सामान लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 229.19 ग्राम सोने के आभूषण, 3.9 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद, एक नेपाली कसेरी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में तुर्कपट्टी थाने में बीएनएस की धारा 316(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बरामदगी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तुर्कपट्टी पुलिस की इस कार्रवाई को जालसाजी के एक बड़े मामले के खुलासे के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने फरार चल रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।