खड्डा, कुशीनगर। गोरखपुर से खड्डा की ओर आ रही एक डिलीवरी वैन मंगलवार को मठिया-खड्डा मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में चालक एवं उनकी सहयोगी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए दोनों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, डिलीवरी वैन चालक विराट अपनी सहयोगी संगीता के साथ गोरखपुर से खड्डा की ओर जा रहे थे। मठिया के समीप अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक विराट और सहयोगी संगीता को कोई गंभीर चोट नहीं आई तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में यातायात सामान्य हो गया। स्थानीय लोगों ने सुरक्षित ड्राइविंग और वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की अपील की।