रसोइयों को मिला सम्मान, कैशलेस चिकित्सा व दुर्घटना बीमा का सुरक्षा कवच

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज:- 23 अगस्त को तहसील सभागार में रविवार को पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने रसोइयों को सम्मानित करते हुए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एवं आकस्मिक दुर्घटना बीमा कार्ड योजना के डेमो कार्ड प्रदान किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करने एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण को भी सुना।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि पीएम पोषण योजना को प्रभावी बनाने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रसोइया विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी भी निभाती हैं। सरकार रसोइयों के सम्मान, हितों और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और आकस्मिक दुर्घटना बीमा जैसी योजनाएं रसोइयों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच साबित होंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंचाया जा रहा है। गरीबों, श्रमिकों और कमजोर वर्गों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाया गया है। सुदृढ़ कानून व्यवस्था से प्रदेश में भयमुक्त वातावरण कायम हुआ है और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है।

परिषदीय विद्यालयों में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने विद्यालयों के कायाकल्प, बेहतर अवस्थापना सुविधाओं, स्मार्ट कक्षाओं, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। सरकार का उद्देश्य गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में रसोइयों को कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड एवं आकस्मिक दुर्घटना बीमा कार्ड के प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए। रसोइयों ने सरकार की पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपने और परिवार के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पंकज मौर्य ने किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार पंकज शाही, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, शिक्षक अंबोज मिश्र सहित बड़ी संख्या में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक, रसोइया संघ के पदाधिकारी, रसोइयां एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *