हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज:- जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 5 शातिर अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 4 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना द्वारा “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट” अभियान के तहत निचलौल क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ साइबर थाना में विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे करते थे ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम ग्रुप बनाकर लोगों को कम समय में पैसा दुगुना-तिगुना करने का लालच देते थे। इसी तरह आगरा निवासी एक व्यक्ति से करीब 7 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे मंगवाकर ATM और चेक के जरिए रकम निकाल ली।
सरगना समेत पूरा नेटवर्क सक्रिय
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना रवि प्रताप सिंह है, जो स्थानीय लोगों और जनसेवा केंद्र संचालकों को 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते इस्तेमाल करता था। फर्जी आधार कार्ड बनाकर कई बैंकों में खाते खुलवाए गए और पिछले लगभग 8 महीनों से यह गिरोह सक्रिय था।
बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 7 मोबाइल फोन, 7 ATM कार्ड, 4 आधार कार्ड (एक फर्जी), 2 पैन कार्ड, 3 क्रेडिट कार्ड, 2 पासबुक, एक नेपाली सीमा कार्ड, एक इंडियन पोस्ट पेमेंट कार्ड तथा एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त
रवि प्रताप सिंह, आकाश पटेल, विजय कुमार मौर्य, आशीष पाण्डेय, कार्तिकेय पटेल सहित एक बाल अपचारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर “पैसा दुगुना-तिगुना” करने जैसे लालच में न आएं। अनजान लिंक या ग्रुप से दूर रहें तथा किसी को भी OTP, बैंक डिटेल या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।