नियम विरुद्ध मिले स्कूली वाहनों पर चालानी कार्रवाई, सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच
हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर महराजगंज यातायात पुलिस ने शुक्रवार को नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेज में संचालित स्कूली बसों और अन्य वाहनों की गहनता से जांच की गई। पुलिस की कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
यातायात पुलिस टीम ने स्कूली वाहनों की फिटनेस, वैध बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की और फर्स्ट एड बॉक्स सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की। अधिकारियों ने यह भी देखा कि वाहन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं।
जांच के दौरान जिन वाहनों में आवश्यक सुरक्षा मानक पूरे नहीं मिले अथवा नियम विरुद्ध संचालन पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक एवं चालानी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और स्कूल संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों में निर्धारित गति सीमा का पालन, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र और प्राथमिक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी गई।
अभिभावकों से भी सतर्क रहने की अपील
महराजगंज पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की कि बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना स्कूल प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।