55 बकाएदारों के काटे कनेक्शन, 15 पर एफआईआर; 3.60 लाख रुपये राजस्व की वसूली

उत्तर प्रदेश महराजगंज

सिसवा बाजार में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई

सिसवा बाजार (महराजगंज)। बिजली चोरी पर शिकंजा कसने और बकाया राजस्व की वसूली को लेकर बिजली विभाग ने शनिवार को सिसवा टाउन और देहात क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। उपखंड अधिकारी के निर्देशन तथा अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ के नेतृत्व में विभागीय टीम ने घर-घर पहुंचकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।

अभियान के दौरान सिसवा टाउन के अलावा सण्डा खुर्द और कटहरी गांव में भी विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। जांच के दौरान कटिया डालकर तथा अन्य तरीकों से बिजली चोरी करते पाए गए 15 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई।

वहीं, लंबे समय से बिजली का बिल जमा नहीं करने वाले 55 बकाएदारों के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। विभागीय टीम ने अभियान के दौरान बकाया बिलों की वसूली करते हुए 3 लाख 60 हजार रुपये राजस्व भी जमा कराया।

अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ ने कहा कि बिजली चोरी और बड़े बकायेदारों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर कनेक्शन काटने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ता किसी भी तरह की अनियमितता से बचें और वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें।

चेकिंग अभियान में विभागीय कर्मी जमील अहमद, शिवनाथ, मुकेश, अजय, बबलू, सन्नी, प्रद्युम्न, कन्हैया, संजय सहित अन्य लाइनमैन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *