DIG एस. चन्नप्पा और SP शक्ति मोहन अवस्थी ने पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई सतर्कता
महराजगंज। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शुक्रवार को गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भारी पुलिस बल के साथ अधिकारियों के सड़कों पर उतरने से पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई।
पैदल गश्त के दौरान नगर तिराहा, बस स्टेशन, मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती और मुस्तैदी परखी गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
संदिग्धों और वाहनों की होगी सघन चेकिंग
DIG एस. चन्नप्पा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। इसके साथ ही रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
व्यापारियों और नागरिकों से किया संवाद
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से भी संवाद किया। उनकी समस्याएं सुनी गईं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
साथ ही आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
त्योहारों से पहले DIG और SP की संयुक्त पैदल गश्त को पुलिस की सुरक्षा तैयारियों के निरीक्षण और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।