ब्लॉक घुघली की ग्राम पंचायतों में इंटरप्राइजेज के नाम पर सभा के धन का धड़ल्ले से आहरणघोटाले की बू, जांच की मांग तेज

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज,ब्लॉक घुघली अंतर्गत कई ग्राम पंचायतों में विकास और स्वरोजगार योजनाओं के तहत संचालित होने वाले इंटरप्राइजेज के नाम पर भारी पैमाने पर सभा के धन के आहरण का मामला सुर्खियों में आ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधि, सचिव और कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों की मिलीभगत से फर्जी लाभार्थी तैयार कर धन की निकासी की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य या व्यवसाय संचालित नहीं हो रहा।
सूत्रों के अनुसार, पंचायत स्तर पर होने वाली सभा में पास किए गए प्रस्तावों के तहत इंटरप्राइजेज योजना के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान स्वीकृत किया गया। कागजों पर दुकानों, लघु उद्योगों और रोजगार परियोजनाओं के संचालन का विवरण दर्ज है, लेकिन मौके पर जाने पर अधिकांश स्थानों पर न तो कोई दुकान दिखी, न ही कोई उत्पादन कार्य। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा खेल महज सरकारी धन की बंदरबांट के लिए रचा गया है।
जांच के नाम पर खानापूर्ति
ग्रामीणों ने कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय स्तर पर जांच बैठाई गई, मगर वह सिर्फ कागजी खानापूर्ति बनकर रह गई। परिणामस्वरूप, संबंधित लोग और ज्यादा हौसले के साथ इस गोरखधंधे को जारी रखे हुए हैं।प्रेस प्रतिनिधि के पूछे जाने पर बी डी ओ घुघली राजकुमार जी ने बताया कि इसके विषय में हमे कोई जानकारी नहीं है,कितनी विडंबना है कि ग्राम सभा के किसी भी मद का भुगतान कैसे होता ,यह जानकारी बी डी ओ को ही न पता हो,कैसी बहाने बाजी है।
लोगों में आक्रोश
ग्राम सभा का धन, जो सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए उपयोग होना चाहिए था, उसे निजी स्वार्थ के लिए हड़प लिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। कई गांवों के लोगों ने एकजुट होकर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
जिम्मेदार चुप
जब इस संबंध में ब्लॉक प्रशासन से पूछताछ की गई, तो अधिकारियों ने रिकॉर्ड की जांच के बाद ही कार्रवाई की बात कही। वहीं, पंचायत सचिवों ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला मुख्यालय तक आंदोलन ले जाएंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *