परतावल/महराजगंज :- श्यामदेउरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पुरैना निवासी 65 वर्षीय रामदेव अपनी नातिन के साथ अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा निवासी प्रद्युम्न कुमार (27 वर्ष) बाइक से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रद्युम्न अपनी मां को इलाज के लिए गोरखपुर बस से भेजकर घर लौट रहे थे। उसी समय अस्पताल की ओर मुड़ रहे रामदेव की बाइक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार हेतु श्यामदेउरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।