शिवनन्दन मिश्रा
मिर्जापुर वेब सीरीज़ ने जिस तरह ओटीटी की दुनिया में धूम मचाई थी, अब उसका जादू बड़े पर्दे पर भी देखने को मिलेगा। मेकर्स ने ‘मिर्जापुर द फिल्म’ की घोषणा कर दी है और इसकी स्टारकास्ट ने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है।
इस बार फिल्म में पंचायत फेम जितेंद्र कुमार उर्फ़ ‘सचिव जी’ भी अहम रोल निभाते नज़र आएंगे। खास बात यह है कि लंबे समय से चर्चाओं में रहे किरदार बबलू पंडित की एंट्री भी फिर से होने जा रही है। वेब सीरीज़ में बबलू पंडित की मौत ने दर्शकों को भावुक कर दिया था, लेकिन फिल्म में इस किरदार को नया मोड़ देने जा रहे हैं भोजपुरी सुपरस्टार और गोरखपुर सांसद रवि किशन।
सूत्रों के अनुसार, फिल्म में बबलू पंडित की वापसी एक बड़े ट्विस्ट के साथ होगी। वहीं, मिर्जापुर के गद्दी युद्ध में नए चेहरे और नई चालें देखने को मिलेंगी।
फिल्म क्रिटिक्स का कहना है कि जितेंद्र कुमार और रवि किशन की एंट्री से मिर्जापुर की कहानी में और मज़ा आ जाएगा। एक तरफ जहाँ जितेंद्र कुमार अपनी सादगी और कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं, वहीं रवि किशन का दमदार डायलॉग डिलीवरी और एक्शन स्टाइल फिल्म को मसालेदार बनाने वाला है।
फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और आसपास के इलाकों में की जाएगी। मेकर्स जल्द ही ट्रेलर रिलीज़ की तारीख की घोषणा करने वाले हैं। फैंस पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा में हैं और अब ‘सचिव जी बनाम गुड्डू भैया’ का कॉम्बिनेशन देखने का इंतज़ार कर रहे हैं।