निजी विद्यालय में TC माँगने पर छात्र व परिजनों से मारपीट, पुलिस जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश महराजगंज

कोठीभार थाना क्षेत्र अन्तर्गत बंदी ढाला से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक निजी विद्यालय J.C.P.I.C. बंदी ढाला, सिसवा बाजार में छात्र द्वारा ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) माँगने पर विद्यालय प्रबंधन व स्टाफ द्वारा छात्र और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है।

पीड़िता कुसुम देवी, पत्नी शैलेश कुशवाहा ने थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा पवन कु० 25 अगस्त 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे अपनी बहन का व अपना 12वीं का TC लेने विद्यालय गया था। आरोप है कि जब पवन ने TC माँगा तो विद्यालय संचालक रविंद्र कुमार पाल ने पैसे की मांग की। पवन ने कहा कि शुल्क पहले ही जमा कर दिया गया है, तो पैसे दोबारा क्यों माँगे जा रहे हैं।

इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। कुसुम देवी का आरोप है कि रविंद्र कुमार पाल, उसका पुत्र उज्जवल पाल, शिक्षक जितेन्द्र यादव, विक्की चौधरी और भरत ने पवन को एक कमरे में बुलाकर गंदी-गंदी गालियाँ दीं और लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा।

जब पीड़िता कुसुम देवी को सूचना मिली तो वह अपने छोटे बेटे के साथ विद्यालय पहुँचीं। वहाँ उन्होंने देखा कि उनका बेटा कई लोगों से घिरा हुआ है और उसे बेरहमी से पीटा गया । रोकने का प्रयास करने पर पीड़िता और उनके छोटे बेटे के साथ भी मारपीट व अभद्रता की गई। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें झूठे मुकदमे में फँसाने और बच्चों का भविष्य खराब करने की धमकी भी दी।

पीड़िता के अनुसार मारपीट से उनके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस  शिकायत पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *