महराजगंज।
मुख्य विकास अधिकारी श्री अनुराज जैन की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति ऑनलाइन पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी शामिल रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आगामी 02 अक्टूबर को राज्य सरकार द्वारा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का शुभारंभ किया जाना है। इसके लिए आवश्यक है कि जनपद के पूर्व दशम एवं दशमोत्तर छात्रों का संपूर्ण डेटा 31 अगस्त तक शासन को प्रेषित कर दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय अगले दो दिनों के भीतर छात्रों द्वारा जमा किए गए फॉर्म को अनिवार्य रूप से अग्रसारित करें। जिलाधिकारी ने इस पर चिंता जताई कि अब तक 16748 फाइनल सबमिशन में से केवल 1051 फॉर्म ही अग्रसारित किए गए हैं, जो अत्यंत आपत्तिजनक है।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी विद्यालय को तकनीकी या अन्य समस्या आती है तो उसे तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें। साथ ही सभी प्रधानाचार्य यह सुनिश्चित करें कि पात्र छात्रों का छात्रवृत्ति फॉर्म समय पर भरवाया जाए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।