परतावल/महराजगंज।
सोमवार की देर शाम श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महदेवा गांव के पास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक ट्रक चालक की चलते-चलते ही हृदय गति रुकने से मौत हो गई। घटना से आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक शिवानन्द मौर्या (55 वर्ष) पुत्र विश्वनाथ मौर्या, निवासी हरपुर, गुलबहवा, जंगल हापुर, जुन्जले डुमरी नं.-2, जनपद गोरखपुर, सोमवार को कैम्पियरगंज से बैतालपुर सड़क निर्माण कार्य हेतु गिट्टी पहुंचाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान महदेवा गांव के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह स्टेयरिंग सीट पर ही ढह गए।
पीछे चल रहे उसी कम्पनी के दूसरे ट्रक चालक ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और पास जाकर मदद की। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक चालक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों और सहकर्मी चालकों ने बताया कि शिवानन्द मौर्या मिलनसार और मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से सभी हैरान हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।