सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पर बढ़ा मरीजों का भरोसा

उत्तर प्रदेश महराजगंज

रोजाना 700 से 800 मरीज ले रहे इलाज, मुफ्त दवा और बेहतर सुविधा से लोग संतुष्ट

परतावल (महराजगंज):- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल ग्रामीण इलाकों के मरीजों के लिए सहारा बनता जा रहा है। यहां स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर व्यवस्था और डॉक्टरों की समर्पित टीम की वजह से मरीजों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

बरसात और मौसमी बदलाव के चलते वायरल बुखार, दस्त, उल्टी व पेट दर्द के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसके बावजूद रोजाना औसतन 700 से 800 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। कई गंभीर मरीजों को भर्ती कर बेहतर देखभाल की जा रही है।

मरीजों ने जताया भरोसा

इलाज के लिए पहुंचे मरीज कमिलुन निशां, अनारी देवी, इंद्रासन और सोनमती ने बताया कि सीएचसी परतावल में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी पूरी जिम्मेदारी से इलाज कर रहे हैं।
भर्ती मरीज बसंत और नर्बदा ने कहा—
“इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। डॉक्टर समय पर देखभाल कर रहे हैं और हम खुद को स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। यहां किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है।”

आयुष्मान वार्ड में भर्ती गुलाब, संध्या, खुशी मोदनवाल, नंदलाल, रूना देवी, रुदल यादव, मनीषा और रोशनी ने भी संतोष जताया कि उन्हें समुचित इलाज और मुफ्त दवाएं मिल रही हैं।

अधीक्षक ने दी जानकारी

सीएचसी परतावल के अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल ने बताया कि—
“रोजाना 700 से 800 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। सभी का डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा से इलाज कर रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि परतावल स्वास्थ्य केंद्र पर लोगों का भरोसा मजबूत हो रहा है।”

ग्रामीणों की राय

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सीएचसी परतावल अब केवल परतावल ही नहीं बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए भी बड़ी उम्मीद बन गया है। यहां मुफ्त दवा, बेहतर इलाज और स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग मिलना लोगों के लिए राहत की बड़ी वजह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *