पनियरा (महराजगंज), 2 सितम्बर 2025। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जड़ार में सोमवार को भावुक पल देखने को मिला, जब सेवारत सहायक अध्यापक कैलाश गुप्ता का म्यूचुअल स्थानांतरण पूर्व माध्यमिक विद्यालय खजुरिया (मिठौरा) तथा वहां के सहायक अध्यापक राहुल कुमार पटेल का स्थानांतरण पू.मा.वि. जड़ार पर हुआ।

इसी क्रम में ब्लाक घुघली से स्थानांतरित होकर आए सहायक अध्यापक आशुतोष कुमार पटेल के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार पटेल व नागेंद्र द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से हुई। इसके उपरांत सभी अतिथियों का स्वागत बैज लगाकर किया गया।

समारोह में संकुल जड़ार के अंतर्गत सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, ग्राम प्रधान जड़ार ढुनमुन प्रसाद, सेवा निवृत्त शिक्षक जगदीश पांडेय व बृजलाल यादव सहित प्राथमिक शिक्षक संघ पनियरा ब्लॉक अध्यक्ष नीरज राय, मंत्री सुनील मिश्र, पूर्व छात्र एवं वर्तमान में अध्ययनरत बच्चों ने प्रतिभाग किया।

बच्चों ने स्वागत गीत और विदाई गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार व अतिथियों ने कैलाश गुप्ता को अंगवस्त्र, माल्यार्पण और यादगार भेंट देकर सम्मानित किया। गुप्ता ने भी रसोइयों को विशेष भेंट प्रदान की।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष नीरज राय, मंत्री सुनील मिश्र, प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार पटेल एवं सेवा निवृत्त शिक्षकों ने प्रेरक उद्बोधन दिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में संदीप कुमार शर्मा, अखिलेश कुमार, बबिता साहनी और रसोइयों का विशेष योगदान रहा। संचालन शिक्षक शम्स तबरेज ने उत्कृष्ट ढंग से किया।