जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बारावफात पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दिए कड़े निर्देश

उत्तर प्रदेश महराजगंज


महराजगंज।
बारावफात पर्व को लेकर जनपद में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतज़ामों का जायजा लिया।

दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सिंदुरिया, निचलौल सहित कई थानाक्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में गश्त करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से मौजूद रहें। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, संदिग्ध तत्वों पर पैनी नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का आदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना ने अधिकारियों को अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने और पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूसों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की घृणा फैलाने की कोशिश पर तुरंत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

भ्रमण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक महोदय ने निर्माणाधीन सिंदुरिया थाना भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण में प्रयुक्त सरिया पर रेड ऑक्साइड कोटिंग करने का निर्देश दिया, ताकि जंग से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित थानाध्यक्षों सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *