ग्राम चौपाल का आयोजन 06 सितम्बर को नई कोट में, जिलाधिकारी करेंगे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं को अंतिम पायदान तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा 06 सितम्बर 2025 को ग्राम पंचायत नई कोट, ब्लॉक लक्ष्मीपुर में जिलास्तरीय ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

इस चौपाल में जिलाधिकारी महोदय स्वयं उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर ही उनके निस्तारण की दिशा में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। ग्रामीण अपने व्यक्तिगत, सामाजिक और विकास से जुड़ी शिकायतों एवं सुझावों को सीधे जिलाधिकारी के सामने रख सकेंगे।

ग्राम चौपाल में राजस्व, पुलिस, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, सिंचाई, कृषि, समाज कल्याण, श्रम एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से सूचना स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं के लाभ के लिए ग्रामीण आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में चौपाल में पहुंचें और अपनी समस्याओं को निडर होकर रखें, ताकि प्रशासन उनका समाधान सुनिश्चित कर सके। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीण अंचल के लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो।

गौरतलब है कि ग्राम चौपालों के माध्यम से सरकार जनता के बीच जाकर “समस्याओं का समाधान आपके द्वार” की भावना को साकार कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *