डीएम ने की विद्युत एवं पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा, लापरवाही पर जताई नाराज़गी

उत्तर प्रदेश महराजगंज

हिन्द सन्देश टाइम्स


महराजगंज, 03 सितंबर 2025 को जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में पीएम सूर्यघर योजना और विद्युत आपूर्ति से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान पीओ नेडा श्री गोविंद तिवारी ने बताया कि अब तक जिले में योजना के अंतर्गत कुल 641 सोलर सिस्टम लगाए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप कार्य न होने पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना की गति तेज की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वेंडर को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर दिया जाए और आमजन तक योजना का व्यापक प्रचार–प्रसार किया जाए।

डीएम शर्मा ने स्पष्ट किया कि पीएम सूर्यघर योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है, इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत वसूली बढ़ाने, हॉटस्पॉट क्षेत्रों की सूची तैयार करने, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने और जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत श्री वाई.पी. सिंह, पीओ नेडा श्री गोविंद तिवारी सहित विद्युत एवं नेडा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *