परतावल/महराजगंज।
बेसिक शिक्षा विभाग के एकेडमिक इन्फो ग्रुप में सोमवार देर रात एक शिक्षक द्वारा अश्लील और आपत्तिजनक संदेश डालने का मामला सामने आया। यह संदेश रात लगभग 10:30 बजे भेजा गया, जिसके बाद ग्रुप में मौजूद शिक्षकों और विशेष रूप से महिला शिक्षिकाओं में भारी आक्रोश फैल गया।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित ग्रुप खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाध्यापक और सैकड़ों शिक्षकों से जुड़ा हुआ है। इस ग्रुप का उद्देश्य विभागीय सूचनाओं का आदान-प्रदान और शैक्षिक गतिविधियों पर चर्चा करना है, लेकिन इस तरह की अशोभनीय टिप्पणी ने सभी को चौंका दिया और नाराज़ कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षकों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला शिक्षिकाओं ने साफ कहा कि इस प्रकार की हरकत न केवल अस्वीकार्य है बल्कि इससे उनकी गरिमा को ठेस पहुँची है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस घटना से पूरे शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। शिक्षक संगठनों ने भी मांग की है कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए भविष्य में और सख्त कदम उठाए जाएं।