परतावल गौशाला का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि

उत्तर प्रदेश महराजगंज

हिन्दसन्देश टाइम्स संवाददाता


महराजगंज। रविवार दोपहर करीब 1 बजे सदर उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने परतावल स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे एसडीएम ने गौशाला के प्रत्येक हिस्से का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पशुओं की देखभाल, भोजन-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई, रजिस्टर का रख-रखाव और सुरक्षा के मद्देनज़र लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की विस्तार से जांच की।

निरीक्षण के दौरान गौशाला की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। पशुओं के लिए भूसा व हरे चारे की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध थी। पानी की टंकियों में भी पर्याप्त स्वच्छ पानी मौजूद पाया गया। गौशाला से संबंधित सभी अभिलेख व रजिस्टर सुव्यवस्थित ढंग से रखे हुए मिले। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी पूरी तरह से सक्रिय और सुचारू रूप से चलते मिले।

निरीक्षण उपरांत उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों को गौशाला की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पशुओं की देखभाल और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि गौशालाओं का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा ताकि पशुओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

इस औचक निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अधिकारी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि काशीनाथ सिंह, थाना प्रभारी श्यामदेउरवा अभिषेक सिंह तथा चौकी प्रभारी अमित सिंह,  भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने भी गौशाला की व्यवस्था को देखकर संतोष व्यक्त किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ऐसी पहल से गौशालाओं की कार्यप्रणाली और बेहतर होगी तथा पशुओं की देखभाल सुनिश्चित की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *