हरियाणा के करनाल में बजरंग इंडस्ट्री में भीषण आग, महराजगंज के चार श्रमिक 90% तक झुलसे

उत्तर प्रदेश महराजगंज

हिन्द सन्देश टाइम्स:- गोरखनाथ त्रिपाठी

महराजगंज/करनाल। करनाल जिले में स्थित बजरंग इंडस्ट्री में शनिवार, 21 फरवरी 2026 को अचानक भीषण आग लगने से उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पुराने टायरों को गलाकर नए टायर बनाने का कार्य किया जाता था। घटना के समय चारों युवक यूनिट परिसर में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी यूनिट आग की चपेट में आ गई। आग इतनी भीषण थी कि श्रमिकों को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।

घायलों की पहचान रामअवध (42) व मुकुरधुन (45) निवासी ग्राम नरायनपुर, थाना बरगदवां तथा संजय (28) व जनार्दन (45) निवासी ग्राम सुरहुरवां, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। सभी युवक रोजगार के सिलसिले में हरियाणा में कार्यरत थे।

भीषण आग की चपेट में आने से चारों के शरीर का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया। उन्हें गंभीर अवस्था में पीजीआईएमएस रोहतक के धनवंतरि एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका गहन उपचार जारी है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं। गांव में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन और अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *